नगर निगम में तैनात क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक हिमांशु कुमार सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। खुल्दाबाद स्थित जोन एक कार्यालय में एंटी करप्शन यूनिट की स्थानीय इकाई ने उसे 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
नगर निगम में तैनात क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक हिमांशु कुमार सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। खुल्दाबाद स्थित जोन एक कार्यालय में एंटी करप्शन यूनिट की स्थानीय इकाई ने उसे 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने मकान नंबर के लिए एक व्यक्ति से रिश्वत ली थी।
विज्ञापन
धर्मेंद्र कुशवाहा करेली के रसूलपुर शास्त्रीनगर के रहने वाले हैं और व्यापार करते हैं। उन्होंने अपनी पैतृक जमीन पर मकान बनवाया था। मकान नंबर लेने के लिए उन्होंने नगर निगम में आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित पत्रावली पर रिपोर्ट लगाने के लिए जोन एक कार्यालय में तैनात क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक हिमांशु उससे रिश्वत मांग रहा था। इसकी शिकायत उसने एंटी करप्शन थाने में की।
जांच कराने पर प्रथमदृष्टया शिकायत सही मिलने पर आरोपी को ट्रैप करने की योजना बनाई गई। इसके तहत सोमवार शाम पांच बजे के करीब भुक्तभोगी 10 हजार रुपये लेकर खुल्दाबाद स्थित जोन एक कार्यालय में पहुंचा। इस दौरान जैसे ही क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक ने उससे रुपये लिए, एंटी करप्शन टीम ने उसे दबोच लिया। इसके बाद उसे एंटी करप्शन थाने ले जाया गया, जहां मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ रामप्रकाश ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे मंगलवार को वाराणसी स्थित कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
कोई घूस मांगे तो करें शिकायत
सीओ ने बताया कि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगे तो इसकी सूचना एंटी करप्शन टीम को दी जा सकती है। इसकी सूचना 9454402490 या 9454402484 पर दी जा सकती है।