पुलिस के सामने ही रिटायर्ड आईबी अफसर को उसके पड़ोसियों ने पीट दिया। जब तक पुलिस बीच बचाव कर पाती। मारपीट कर आरोपी भाग निकले। पीड़ित ने थाने में इसकी तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के देवगलपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त आईबी आफिसर बृजेंद्र कुमार शुक्ल परिवार सहित प्रयागराज में निवास करते हैं। 6 माह पहले उन्होंने अपने जमीन का सीमांकन राजस्व टीम के समक्ष कराई थी। इस दौरान खेत में फसल होने के कारण सीमांकन हो गया था। मेड़बंदी नहीं हो पाई थी। उसी जमीन पर परिवार के कुछ लोगों का कब्जा है।
बीते गुरुवार को उन्हें सूचना मिली कि उनके परिवार के ही विपक्षी राजमणि शुक्ल व राममणि शुक्ला ने जमीन को जुतवा दिया है। इस पर वह बाघराय थाने पहुंचे और पुलिस बल लेकर गांव पहुंचे। उनके गांव में पहुंचते ही राजमणि, राममणि, रवि व शुभम ने उनकी पिटाई करनी शुरू कर दी।
मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच बचाव किया तो आरोपीगण मौके से भाग निकले। रिटायर्ड आफीसर बृजेंद्र कुमार शुक्ला ने थाना बाघराय आकर चारों लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी। बाघराय थानाध्यक्ष का कहना है कि दोनों पक्षों में हाथापाई हुई है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।