कालिंदीपुरम में 100 करोड़ की जमीन पर अवैध कब्जा चिह्नित
प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने कालिंदीपुरम में अपनी जमीन पर भूमाफिया के अवैध कब्जे को चिह्नित किया है। इस जमीन की कीमत तकरीबन 100 करोड़ रुपये है। इस मामले में पीडीए के उपाध्यक्ष ने क्षेत्र के अवर अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा है और मौके पर निगरानी के लिए तैनात किए गए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। इस जमीन से अवैध कब्जा हटाया जाएगा।
एयरपोर्ट के आसपास बढ़ाई गई निगरानी
पीडीए सूत्रों के मुताबिक, एयरपोर्ट के आसपास जमीनों पर अवैध कब्जे की निगरानी बढ़ा दी गई है। पीडीए वहां तकरीबन 28 हेक्टेयर जमीन पर एक बड़ी टाउनशिप बसाने की तैयारी कर रहा है। इस टाउनशिप के लिए प्रस्तावित जमीन अधिग्रहण में कटहुला गौसपुर गांव का वह हिस्सा भी शामिल है, जहां भूमाफिया से खाली कराई गई जमीन राज्य में निहित की जा चुकी है। एयरपोर्ट के आसपास के अन्य इलाकों में भी भूमाफिया पर निगरानी बढ़ा दी गई है और अवैध कब्जों को चिह्नित किया जा रहा है।