सिराथू। एसबीआई सिराथू शाखा में कैशियर केबिन से करीब साढ़े तीन लाख रुपये गायब होने के मामले में शाखा प्रबंधक ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। तहरीर में शाखा प्रबंधक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि केबिन संख्या एक के कैशियर योगेश बगल की केबिन में दूसरे कैशियर सोनू यादव को बता कर लघुशंका करने चले गए थे। इसके बाद सोनू भी अपने बगल के कैशियर रणजी टोप्पो को बताकर लघुशंका करने चले गए। इसी बीच रणजी टोप्पो भी केबिन छोड़ लोन विभाग चले गए।
इस दौरान एक नंबर की केबिन से 3.50 लाख गायब हो गए। प्रबंधक ने रिपोर्ट में कर्मचारियाेें द्वारा बरती गई लापरवाही का जिक्र करते हुए घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। प्रबंधन ने तहरीर में उस युवक और किशोर के बारे में कोई जिक्र नहीं किया है, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हैं। सैनी कोतवाल एपी तिवारी का कहना है कि दाल में कुछ काला जरूर है। पुलिस उस युवक और किशोर की तलाश कर रही है, जो वारदात के दौरान बैंक के अंदर देखे गए हैं। पुलिस का मानना है कि उनके सामने आने के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी। संदिग्ध युवक और किशोर के बारे में सूचना देने वाले को दस हजार इनाम देने की घोषणा किया है।