प्रयागराज। कीडगंज के बैरहना में उपभोक्ता पवन कुमार शुक्ला ने फर्जीवाड़ा, धमकी देने के आरोप में एसडीओ व जेई समेत पांच विद्युत कर्मचारियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि जो मीटर लगा ही नहीं, उसके आधार पर उनसे बिल की वसूली की गई। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
पुराना बैरहना निवासी पवन का आरोप है कि एसडीओ व जेई ने फर्जीवाड़ा कर 569 यूनिट रीडिंग के बिल के एवज में उनसे 47874 रुपये वसूल लिए। इससे पहले बिल के बारे में पूछताछ करने पर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कनेक्शन भी काट दिया। किसी तरह पुन: कनेक्शन कराया गया। अगस्त में फर्जी तरीके से 673 रुपये के बिल के विरुद्ध फर्जी रसीद देकर 1780 रुपये ले लिए। इसके बाद अक्तूबर से नवंबर के बीच खर्च हुई 111 यूनिट बिजली के एवज में 10 हजार का बिल बनवा दिया। जांच पड़ताल के दौरान यह भी सामने आया कि जिस मीटर के आधार पर उनसे बिल वसूला जा रहा था, वह उनके घर पर लगा ही नहीं है। आरोप है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। तब जाकर काीडगंज थाने में एसडीओ रामबाग, जेई सूबेदार प्रजापति, जेई मीटर, एसडीओ मीटर व कैश काउंटर क्लर्क पर धोखाधड़ी, धमकाने व जाली दस्तावेज बनाने व गालीगलौच समेत अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है।