चंगाई सभा में धर्मांतरण की सूचना पर पुलिस का छापा, आयोजक फरार
सरायअकिल के अहलादपुर गांव में रविवार दोपहर चंगाई सभा में धर्मांतरण करने की सूचना मिलने पर पुलिस ने आयोजन स्थल पर छापा मारा। इसकी भनक लगते ही सभा समाप्त कर आयोजक फरार हो गया। पुलिस ने आयोजक को थाने बुलाया है।
भगवानपुर के चौकी प्रभारी उमेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इलाके के अहलादपुर गांव में रविवार को सूचना मिली थी कि, वहां पर गरीब परिवार के लोगों को बहलाकर इलाज के बहाने चंगाई सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। सूचना पर वह फोर्स के साथ अहलादपुर गांव पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही सभा समाप्त कर आयोजक मौके से भाग चुका था।
उन्होंने बताया कि वहां मौजूद 40-50 लोगों से पूछताछ की गई, लोगों ने बताया कि यहां सिर्फ प्रभु ईसा मसीह की प्रार्थना सभा होती है। चंगाई सभा जैसा कोई आयोजन नहीं होता है। चौकी प्रभारी के मुताबिक इमलीगांव निवासी आयोजक सोनेलाल को थाने बुलाया गया है। उससे पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।