हाल ही में जिन छात्रों को आवंटन हुआ है उनको भी राहत
छात्रों की मांग को ध्यान में रखते हुए इविवि प्रशासन ने हॉस्टल के शुल्क में 50 फीसदी तक की कमी कर दी है। डीएसडब्ल्यू प्रो. केपी सिंह की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि हाल ही में स्नातक और परास्नातक के जिन छात्र-छात्राओं को हॉस्टल आवंटित किए गए हैं, उनकी फीस 50 फीसदी तक घटा दी गई है।
छात्र-छात्राओं को वार्षिक/सेमेस्टर परीक्षा पूरी होने तक या 30 जून तक (दोनों में से जो पहले पूरा हो) हॉस्टल में रहने की अनुमति दी गई है। छात्र-छात्राओं को जो हॉस्टल आवंटित किए गए हैं, वहां जाकर कार्यालय में आधी फीस जमा करके प्रवेश लेना है।
नव प्रवेशी छात्रों को भी हॉस्टल आवंटन जल्द
इविवि में सत्र 2021-22 के तहत प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को अभी हॉस्टल आवंटित नहीं किए गए हैं। इन छात्र-छात्राओं ने प्रवेश परीक्षा के दौरान ही हॉस्टल आंवटन का विकल्प भर दिया था। स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं की ऑफलाइन परीक्षाएं अगस्त में प्रस्तावित हैं और उन्हें हॉस्टल की आवश्यकता है।
इविवि की पीआरओ डॉ. जया कपूर ने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की प्रक्रिया हाल ही में पूरी हुई है। प्रवेश भवन और विभागों से हॉस्टल के लिए इच्छुक छात्र-छात्राओं की लिस्ट डीएसडब्ल्यू कार्यालय को मिल गई है। आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। बहुत जल्द स्नातक एवं परास्नातक में नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं को मेरिट के आधार पर हॉस्टल आवंटित कर दिए जाएंगे।