वाणिज्य कर विभाग के संभावित छापे की वजह प्रयागराज में व्यापारियों के जीएसटी पंजीकरण की संख्या में इजाफा होना शुरू हो गया है। तमाम सीए, कर एवं वित्त सलाहकार के यहां गैर पंजीकृत व्यापारी पंजीकरण के लिए पहुंचने लगे हैं। बताया जा रहा है कि इसी माह प्रयागराज जोन में 500 से ज्यादा व्यापारियों का पंजीकरण हो चुका है।
दरअसल केंद्र और राज्य कर अधिकारियों ने माल और सेवा कर (जीएसटी) चोरी के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए दो महीने का विशेष अभियान शुरू किया है। प्रयागराज जोन की बात करें तो यहां तकरीबन 100 ऐसे लोग चिह्नित किए गए हैं जो जीएसटी की चोरी कर रहे हैं। कुछ ने एक फोन पर चार से पांच पंजीकरण करवा रखे हैं। विभाग ने ऐसे व्यापारियों का सत्यापन शुरू किया है। वहीं सत्यापन की खबर को तमाम काराेबारियों ने सर्वे समझ लिया है। इस वजह से तमाम व्यापारियों ने जीएसटी पंजीकरण करवाना शुरू कर दिया है।
वाणिज्य कर विभाग प्रयागराज जोन की बात करें तो यहां प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ एवं कौशाम्बी जिले हैं। यहां कुल पंजीकृत व्यापारियों की संख्या वर्तमान में 90510 हो गई है। बीते एक पखवारे में ही पंजीकरण करवाने वालों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। इस अवधि में 500 से ज्यादा रजिस्ट्रेशन कर एवं वित्त सलाहकार और चार्टर्ड एकाउंटेंट के माध्यम से पंजीकरण करवा चुके हैं।
कर एवं वित्त सलाहकार प्रतीक मालवीय ने बताया कि बीते कुछ रोज से तमाम व्यापारी उनकी सिविल लाइंस स्थित फर्म में पंजीकरण करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। हर रोज चार से पांच पंजीकरण उनके यहां किए जा रहे हैं। इसी तरह वरिष्ठ कर एवं वित्त सलाहकार डाॅ. पवन जायसवाल ने कहा कि अभियान को लेकर व्यापारियों को घबराने की जरूरत नहीं है। इसमें सीमित संख्या में लोगों का सत्यापन किया जाना है।