फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPPSC : राज्य कृषि सेवा के 175 पदों पर होगी भर्ती, यूपीपीएससी को मिला अधियाचन

Wed, 08 Nov 2023 06:20 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

आयोग ने तीन साल पहले दिसंबर-2020 में राज्य कृषि सेवा के 564 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। इसके बाद इन पदों पर कोई भर्ती नहीं हुई। आयोग ने 28 जुलाई 2023 को सूचना जारी की थी कि सम्मिलित राज्य कृषि सेवा परीक्षा, अपर निजी सचिव (एपीएस), समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की भर्ती जल्द ही संभावित है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को शासन से सम्मिलित राज्य कृषि सेवा भर्ती के लिए 175 पदों का अधियाचन मिला है। हालांकि, कुछ पदों पर भर्ती के लिए पाठ्यक्रम संशोधित किया जा रहा है। संशोधित पाठ्यक्रम को शासन से मंजूरी मिलते ही आयोग इस भर्ती का विज्ञापन जारी कर देगा।

विज्ञापन


आयोग ने तीन साल पहले दिसंबर-2020 में राज्य कृषि सेवा के 564 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। इसके बाद इन पदों पर कोई भर्ती नहीं हुई। आयोग ने 28 जुलाई 2023 को सूचना जारी की थी कि सम्मिलित राज्य कृषि सेवा परीक्षा, अपर निजी सचिव (एपीएस), समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की भर्ती जल्द ही संभावित है।

इसके बाद आयोग की ओर से एपीएस एवं आरओ/एआरओ भर्ती का विज्ञापन जारी किया जा चुका है और अब सम्मिलित राज्य कृषि सेवा भर्ती का विज्ञापन जारी होने का इंतजार है। पहले यह भर्ती पीसीएस परीक्षा के माध्यम से होती थी। वर्ष 2020 के विज्ञापन से इस भर्ती को अलग कर दिया गया और राज्य कृषि सेवा का गठन करके अलग परीक्षा आयोजित की गई।

विज्ञापन

अब दूसरी बार राज्य कृषि सेवा के पदों पर अलग से भर्ती होने जा रही है। इस बार आयोग को इस भर्ती के लिए कुछ नए पदों का अधियाचन मिला है, जिनके लिए पाठ्यक्रम में परिवर्तन किया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आयोग भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा। तब तक पदों की संख्या भी बढ़ सकती है। आयोग को अब तक 175 पदों का अधियाचन मिल चुका है।

इससे पूर्व सम्मिलित राज्य सेवा परीक्षा-2020 के तहत सात प्रकार के 564 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। चयन तीन चरणों में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के माध्यम से किया गया था। इंटरव्यू केवल ग्रुप-ए के दो प्रकार के पदों के लिए हुआ था और ग्रुप-बी के पांच अन्य प्रकार के पदों पर चयन मुख्य परीक्षा के आधार पर किया गया था था। अंतिम परिणाम में 461 अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया है और 103 पद अभ्यर्थियों द्वारा न्यूनतम दक्षता मानक अंक न प्राप्त करने के कारण खाली रह गए थे।

सहायक अभियंता के भी 150 पदों का अधियाचन मिला

- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा भर्ती परीक्षा के लिए सहायक अभियंता के भी 150 पदों का अधियाचन मिल चुका है। इस भर्ती के लिए परीक्षा योजना तैयार की जा रही है और समकक्षता निर्धारण में संशोधन भी होना है। ये प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा भर्ती परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी करेगा।
विज्ञापन

बढ़ सकती है आरओ/एआरओ की आवेदन अंतिम तिथि
 
समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) परीक्षा-2023 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जा सकती है। आयोग ने नौ अक्तूबर को आरओ/एआरओ के 411 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। आवेदन की अंतिम तिथि नौ नवंबर निर्धारित की गई है। आवेदन के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की प्रक्रिया अनिवार्य की गई है। रजिस्ट्रेशन के लिए ओटीआर की वेबसाइट पर काफी दबाव है और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ओटीआर की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके हैं, जिसकी वजह से उनके आवेदन फंसे हुए हैं। अगर अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई गई तो कई अभ्यर्थी भर्ती में शामिल होने से वंचित रह जाएंगे। इसी वजह से आयोग को पिछले दिनों अपर निजी सचिव सहित कई भर्ती परीक्षाओं के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ानी पड़ी। ऐसे में आरओ/एआरओ परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ने के आसार हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें