इविवि में शिक्षकों की भर्ती फिर शुरू होने जा रही है। इसके लिए विवि की वेबसाइट पर संक्षिप्त विज्ञापन भी जारी कर दिया गया है। भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अप्रैल से शुरू होगी। आरक्षण रोस्टर में विवाद के कारण भर्ती प्रक्रिया बीच में ही रोक दी गई थी। अब संशोधन के बाद भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा रही है।
इविवि में विभिन्न सेंटरों एवं विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रोफसर के 290 पदों पर भर्ती के लिए पिछले साल दो फरवरी को आवेदन मांगे गए थे। सितंबर में तीन सेंटरों में भर्ती के लिए इंटरव्यू कराए गए। इनमें सीबीएस, भू एवं भूगर्भ विज्ञान और टी. बनर्जी सेंटर ऑफ एटमॉसफियरिक एंड ओसियन साइंस में शिक्षकों की भर्ती के लिए साक्षात्कार हुए थे। इन सेंटरों में भर्ती प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई लेकिन इसी बीच भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया और मामला हाईकोर्ट में चला गया। हाईकोर्ट ने विवि को आदेश दिया कि मामले में रिव्यू किया जाए।
विश्वविद्यालय ने रिव्यू के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया। कमेटी ने रिव्यू में पाया कि आरक्षण रोस्टर का निर्धारण गलत तरीके से हो गया था। इसके बाद आरक्षण रोस्टर में संशोधन के लिए कार्यपरिषद और विद्वत परिषद की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया। यह प्रक्रिया पूरी होने ही विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया फिर अटक गई। अब सभी अड़चनें दूर होने के बाद विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर शिक्षक भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया गया है। भर्ती के लिए 11 अप्रैल से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।