उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने प्रवक्ता राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज परीक्षा-2021 के तहत गणित, भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान विषय में चयनित 91 अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन 30 सितंबर को होगा। आयोग ने बृहस्पतिवार को अभिलेख सत्यापन का कार्यक्रम जारी कर दिया।
आयोग ने 20 सितंबर को प्रवक्ता राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज परीक्षा का चयन परिणाम जारी किया था। गणित में 35, भौतिक विज्ञान में 30 और रसायन विज्ञान में 26 प्रवक्ताओं का चयन हुआ है। प्रवक्ता रसायन विज्ञान और प्रवक्ता भौतिक विभाग के चयनितों का अभिलेख सत्यापन सुबह 10 बजे से होगा।
वहीं, प्रवक्ता गणित के चयनितों का अभिलेख सत्यापन अपराह्न दो बजे से होगा। अभिलेख सत्यापन आयोग परिसर स्थित यमुना भवन में किया जाएगा। आयोग के सचिव आलोक कुमार के अनुसार वांछित मूल प्रमाणपत्रों के अभाव में अभ्यर्थियों के अभिलेख का सत्यापन किया जाना संभव नहीं होगा।
तीन जिलों के 13 केंद्रों में होगी पीसीएस मुख्य परीक्षा
पीसीएस-2022 की मुख्य परीक्षा 27 सितंबर से शुरू होने जा रही है। परीक्षा एक अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए प्रयागराज, गाजियाबाद और लखनऊ में 13 केंद्र बनाए गए हैं और कुल 5796 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रयागराज के पांच केंद्रों में 2038 अभ्यर्थी, गाजियाबाद के चार केंद्रों में 1616 अभ्यर्थी और लखनऊ के चार केंद्रों में 2142 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
कर्मशाला अनुदेश के 10 पदों पर चयन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने प्राविधिक शिक्षा विभाग में कर्मशाला अनुदेशक काष्ठ कला के 10 पदों पर सीधी भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। चयनितों में मोहम्मद आदिल, सचिन कुमार, आलोक कुमार पांडेय, भास्कर दत्त सिंह, राम अवतार, अभय राज विश्वकर्मा, इंद्रेश कुमार, दीपिका सिंह, यशपाल, शीला देवी के नाम शामिल हैं।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का कटऑफ जारी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर इतिहास, उर्दू, गणित, भौतिक विज्ञान एवं हिंदी की सीधी भर्ती के इंटरव्यू में शामिल अभ्यर्थियों के कटऑफ एवं प्राप्तांक जारी कर दिए है, जो आयोग की वेबसाइट पर 29 सितंबर तक उपलब्ध हरेंगे। उप सचिव विनोद सिंह गौड़ के अनुसार अभ्यर्थी अपने अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि के आधार पर प्राप्तांक और कटऑफ अंक देख सकते हैं।