नए साल से पहले सात ब्लॉक में शुरू हो जाएगा पुष्टाहार का निर्माण
नए साल से पहले प्रस्तावित सभी सात ब्लॉक में आंगनबाड़ी केंद्रों से वितरित होने वाले पुष्टाहार का निर्माण शुरू हो जाएगा। शंकरगढ़ में इकाई से उत्पादन शुरू हो गया है। प्रस्तावित छह अन्य इकाइयों के लिए भी मशीनें मंगा ली गई हैं। अब ब्लॉक स्तर पर ही पुष्टाहार निर्माण का निर्णय लिया गया है। इसके तहत पहले चरण में प्रयागराज के शंकरगढ़, सोरांव, मेजा, मऊआइमा, भगवतपुर, बहरिया एवं फूलपुर ब्लॉक में निर्माण इकाई लगाने का निर्णय लिया गया है। प्रत्येक इकाई पर करीब 90 लाख रुपये खर्च होंगे।
शंकरगढ़ इकाई से बृहस्पतिवार को उत्पादन शुरू हो गया। प्रभारी डीपीओ विमल चौबे का कहना है कि शंकरगढ़ ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों पर दिसंबर महीने से इस इकाई में तैयार पुष्टाहार ही भेजे जाएंगे। सीडीओ शिपू गिरि ने बताया कि छह अन्य इकाइयों के लिए भी मशीनें मंगा ली गईं हैं। दिसंबर में इन इकाइयों को भी शुरू करने की तैयारी है। उनका कहना है कि ये इकाइयां समूह की महिलाएं संचालित करेंगी। ऐसे में रोजगार के अवसर बढे़ंगे। साथ ही अनियमितता की शिकायतों पर भी अंकुश लगेगा।