प्रयागराज। बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं को आरसी जारी कर कार्रवाई की जाएगी। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल ने बृहस्पतिवार को इसका आदेश दिया। मंडलायुक्त ने राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई और इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त ने विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। बिना सूचना लंबे समय से गायब चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। मंडलायुक्त ने सामूहिक विवाह, दिव्यांगों और वृद्धजनों के उपकरण वितरण समारोह तथा उसकी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने गोशालाओं के निर्माण की बाबत भी जानकारी ली। उन्होंने इसमें तेजी लाने और मानक के अनुरूप निर्माण का निर्देश दिया। मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया। उन्हाेंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, टीकाकरण, जननी सुरक्षा, छात्रवृत्ति, पेंशन आदि योजनाओं, बोर्ड परीक्षा की तैयारी की भी समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कौशाम्बी के डीएम, सीडीओ समेत अनेक अफसर मौजूद रहे।