मोबाइल पर हुई थी बातचीत
पुलिस जांच में पता चला कि पकड़े गए आरोपियों से सभी हत्यारोपियों ने वारदात से पहले और बाद में मोबाइल पर बात की थी। साथ ही इनके घर भी पहुंचे थे। यही नहीं क्षेत्र से बाहर भागने के लिए भी मदद ली थी। थाना प्रभारी धूमनगंज राजेश उपाध्याय ने बताया कि हत्यारोपियों को पनाह देने वालों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
सभी 11 आरोपी पकड़ से दूर
घटना के चार दिन बीतने के बावजूद सभी 11 आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए सात टीमों का गठन किया गया है। इनमें एडीसीपी, एसीपी से लेकर कई थाना प्रभारी शामिल हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए परिवार व रिश्तेदारों पर भी दबाव बनाया जा रहा है।
सरेराह मीडियाकर्मी की हत्या से कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में धरना स्थल पुलिस चौकी से महज 150 व थाने से 500 मीटर की दूरी पर मीडियाकर्मी लक्ष्मी नारायण सिंह (48) की चाकू से गोदकर हत्या ने कमिश्नरेट पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह वारदात सिविल लाइंस जैसे शहर के सबसे पॉश इलाके में हुई जहां दिनभर भीड़भाड़ रहती है और वीवीआईपी मूवमेंट आम बात है। बड़ी बात यह है कि घटनास्थल के पास स्थित थाने के पास ही एडिशनल डीसीपी नगर का कार्यालय भी है।
इसके बावजूद हमलावरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। बता दें कि तीन दिन पहले ही धूमनगंज में संविदा रोडवेज बस चालक रावेंद्र कुमार उर्फ मुन्नू की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई थी। शहर में एक के बाद एक हो रहीं हत्या की वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।