मंसूराबाद में बेतरतीब वाहनों की पार्किंग से ऐसे ही लगता है प्रतिदिन जाम।
- फोटो : Samvad
स्थानीय बाजार के चौराहे पर बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। सड़क किनारे खड़े किए जा रहे चार पहिया और अप्पे वाहनों से मुख्य मार्ग संकरा हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय कारोबारी व क्षेत्र पंचायत सदस्य तीरथ लाल केसरवानी, राजेश केसरवानी, दिलीप पुष्पाकर, संतोष सोनी, फूलचंद्र मौर्य आदि का कहना है कि बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास वाहन चालक मनमाने तरीके से वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस जाते हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है लेकिन जिम्मेदार विभाग और पुलिस प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित अभियान चलाकर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।