रामदुलारे कोरी हत्याकांड मामले में प्राथमिक जांच में पता चला कि आरोपी अखिलेश तेलियरगंज स्थित एक दुकान पर बाइक मैकेनिक था। घटना से दो दिन पहले वह दुकान पर जाना बंद कर दिया था। उधर बाइक सवार दूसरे आरोपी की भी पुलिस ने पहचान कर ली है। रविवार को पुलिस की एक टीम रामदुलारे कोरी के घर पहुंची लेकिन यहां पर ताला लटका हुआ था।
घटना के 24 घंटे बाद भी मृतक रामदुलारे कोरी की पत्नी कलावती, बेटा राजकुमार, सुरेंद्र, वीरेंद्र, और बेटी ललिता अब भी घर से लापता हैं। उनके मोबाइल फोन बंद हैं, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया है।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद से परिवार के सभी सदस्य अपने घरों से लापता हैं। पुलिस को आशंका है कि परिवार शहर के बाहर चला गया है। दिल्ली समेत अन्य जगहों पर छिपने की आशंका है। दूसरी तरफ पुलिस दो बेटे जितेंद्र और शैलेंंद्र से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना कि पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की कई अहम कड़ी सामने आ सकती है।
दूसरे दिन भी बंद रहा फोन
घटना के बाद से सभी संदिग्धों के मोबाइल फोन बंद हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही हैं कि वारदात के बाद आरोपी किन लोगों के संपर्क में रहे। कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।