इलाहाबाद। राष्ट्रीय दलित महासभा और डॉ. अंबेडकर वेलफेयर एसोसिएशन (दावा) की ओर से रविवार को कांशीराम की जयंती पर उन्हें याद किया गया। रैली निकाली गई और हाईकोर्ट के पास स्थित डॉ. अंबेडकर की मूर्ति के सामने ‘समाज उत्थान में मान्यवर कांशीराम का योगदान’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय दलित महासभा के अध्यक्ष अशोक भारती ने कांशीराम के योगदानों को याद करते हुए उन्हें कमजोर तबकों की आवाज बताया। कहा कि उन्होंने पूरी जिंदगी समाज के पिछड़े और शोषितों के लिए काम किया। इस दौरान कांशीराम के आंदोलन को पुनर्जिवित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राजमणि सिंह पटेल, उत्तर मध्य रेलवे के सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी राजेश चौधरी, रामबृज गौतम, अशोक मल्लिक, गणेश गौतम, डॉ. कांति कुमार, आरए अहिरवार, महेश प्रसाद, मोती लाल आदि मौजूद रहे।