करमा में लोक कवि राम लोचन सांवरिया स्मृति विशेषांक का विमोचन करते मंचासीन अतिथि गण
लोक कवि रामलोचन सांवरिया नौटंकी विधा के महान रचनाकार व कलाकार के साथ ही अवधी लोक साहित्य के पुरोधा थे। उक्त बातें प्रो. के बी पाण्डेय (पूर्व अध्यक्ष लोक सेवा आयोग) ने मंगलवार को साहित्य संवर्धन संस्थान की ओर से विद्यावती मेमोरियल स्कूल में उनकी पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही।
विशिष्ट अतिथि तमिल के तुलसी डाॅ. एम गोविन्द राजन ने उनकी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा प्रयागराज में आयोजित होने वाले प्रत्येक कवि सम्मेलन व साहित्यिक कार्यक्रम में सांवरिया जी अपनी अमिट छाप छोड़ने वालों में थे। विशिष्ट अतिथि अनिल विश्वकर्मा व राकेश सिन्हा ने श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें अवधी लोक साहित्य व नौटंकी विधा का मर्मज्ञ बताया।
आयोजक साहित्य संवर्धन संस्थान के अध्यक्ष विज्ञान भूषण विजय चितौरी ने अतिथियों का स्वागत किया। सांवरिया के पुत्र वेदानंद ने उनके साहित्य व स्मृतियों को संजोने की बात कही। समारोह में गांव की नई आवाज त्रैमासिक पत्रिका का लोक कवि राम लोचन सांवरिया विशेषांक का विमोचन किया गया। अध्यक्षता संत सत्यानन्द त्यागी व संचालन डाॅ. अमर नाथ सिंह और आभार राजेन्द्र पटेल ने व्यक्त किया।
मुर्गुला देवी, राम बाबू यादव, सत्य नारायण गौड़, राम देव पटेल, श्री नाथ विश्वकर्मा, प्रकृति विश्वकर्मा, सुभाष विश्वकर्मा ने लोक संगीत के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि फूल चन्द्र पटेल, अमर बहादुर पटेल, नरेंद्र जायसवाल, परमानन्द, मूल चंद विश्व कर्मा, चन्द्र प्रकाश कुशवाहा, मदन लाल साहू आदि लोग उपस्थित रहे।