क्षेत्र के चिल्ला गौहानी में महादेवन दिव्य पीठ ट्रस्ट द्वारा चल रही जय बजरंग बाल रामलीला में शनिवार को राम विवाह लीला के मंचन के दौरान राम-सीता के पात्र में नए जोड़े को देखकर लोग संशय में पड़ गए।
जब तक लोग कुछ समझ पाते सीता ने राम के गले में जयमाल डाल दी। वादक और व्यास राम विवाह का गीत गाने लगे। इतने में मंच पर पंडित भी आ गए और अग्नि प्रज्वलित की गई। राम और सीता की वेशभूषा में वेद मंत्रों के साथ दोनों ने सात फेरे लिए। यह देख लोग अचंभित रह गए। उन्हें संचालक ने बताया की शिवबीर और शिवानी का रिश्ता हुआ था आज भगवान राम की लीला में इनका विवाह हो रहा है।
महेरा तरहार गांव निवासी शिवबीर सिंह पुत्र स्वर्गीय संतोष सिंह एवं चिल्ला की शिवानी सिंह पुत्री संतोष सिंह का रिश्ता तय हो चुका था। विवाह होना बाकी था। गांव में रामलीला शुरू हुई तो गांव वालों ने शिवानी के परिजनों से कहा की राम विवाह के दिन बिटिया का विवाह रामलीला मंच से कर दें तो अच्छा होगा। पहले तो दोनों पक्षों ने टाल मटोल किया लेकिन बाद में मान गए।
चिल्ला गौहानी में 12 अक्तबर से चल रही रामलीला मंचन में राम विवाह प्रसंग दिखाया गया। रामलीला मंचन में शिव और शिवानी का वास्तविक विवाह पंडित कमलेश त्रिपाठी उर्फ लल्लू ने कराया।
रामलीला समिति के अध्यक्ष सदाशिव यादव ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया।