घने कोहरे की वजह से यात्रियों के सफर पर संकट आ गया है। मंगलवार को प्रयागराज एक्सप्रेस 11.10 घंटे की देरी से इलाहाबाद पहुंची। प्रयागराज जैसा ही हाल दिल्ली रूट की अन्य ट्रेनों का भी रहा। इस बीच पटना राजधानी भी निरस्त कर दी गई। बताया गया कि ट्रेन पिछले कई दिनों से घंटों देरी से चल रही है। इसी वजह से मंगलवार को उसे पटना से ही निरस्त कर दिया गया। पटना राजधानी समेत इलाहाबाद जंक्शन, प्रयाग और इलाहाबाद सिटी आने वाली 17 अन्य ट्रेनें भी निरस्त रहीं। एक साथ इतनी संख्या में ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों को दिक्कत हुई।
प्रयागराज एक्सप्रेस का इलाहाबाद पहुंचने का समय सुबह 6.50 बजे है लेकिन कोहरे की वजह से यह शाम छह बजे इलाहाबाद पहुंच सकी। विलंब से आने की वजह से इसका अप रैक रात 9.30 बजे की बजाय रात एक बजे इलाहाबाद से रवाना किया जा सका। इसके अलावा डाउन राजधानी 22 घंटे तो सोमवार की रात आने वाली डाउन महाबोधि 24 घंटे की देरी से इलाहाबाद पहुंची। जो ट्रेनें निरस्त रहीं उसमें 12382 पूर्वा एक्सप्रेस, 12398 महाबोधि एक्सप्रेस, 12505/12506 नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, 12873 हटिया-आनंद विहार, 14005/14006 लिच्छवी एक्सप्रेस, 14217/14218 प्रयाग-चंडीगढ़, 12333/12334 इलाहाबाद सिटी-हावड़ा विभूति एक्सप्रेस, 54101/54102 प्रयाग-कानपुर, 55126/55129 इलाहाबाद सिटी-मंडुवाडीह, 12308 जोधपुर-हावड़ा प्रमुख रूप से शामिल रहीं। उधर विलंब से आने की वजह से दिल्ली दुरंतो रात 10.40 की बजाय रात 12.30 बजे रवाना की गई, जबकि इलाहाबाद-जयपुर को रात 11.30 बजे की बजाय सुबह चार बजे रवाना करने की तैयारी की गई।
प्रमुख ट्रेनों की लेट लतीफी
12382 पूर्वा एक्सप्रेस 18 घंटे
12304 डाउन पूर्वा 35 घंटे
15484 महानंदा एक्सप्रेस 18 घंटे
12302 हावड़ा राजधानी 13 घंटे
12402 मगध एक्सप्रेस 13 घंटे
12818 आनंद विहार-हटिया 18 घंटे
12561 स्वतंत्रता सेनानी 16 घंटे
12582 नई दिल्ली-मंडुवाडीह 15 घंटे
12562 डाउन स्वतंत्रता सेनानी 17 घंटे
13008 तूफान एक्सप्रेस 23 घंटे
12988 अजमेर-सियालदाह 20 घंटे
14116 हरिद्वार-इलाहाबाद 11.35 घंटे
12404 जयपुर-इलाहाबाद 19 घंटे
22806 नई दिल्ली-भुवनेश्वर 34 घंटे
12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 11 घंटे