इलाहाबाद (ब्यूरो)। आखिरकार राजस्थान, दिल्ली से चली तेेज पछुवा हवाएं बुधवार को संगमनगरी पहुंच ही गईं। तेज पछुवा हवाओं ने न सिर्फ पिछले कई दिनों से मौजूद नम पुरवइया को धकेल दिया वरन सुबह तेज अंधड़ के भी हालात बने। पछुवा हवाओं का ही असर रहा कि आसमान में बादल भी छा गए।
एकबारगी लगा कि बूंदाबांदी हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मौसम के इस बदले मिजाज का असर पारे पर भी दिखा। पारा एक डिग्री और गिर गया। हालांकि न्यूनतम तापमान घटने के बजाए बढ़ गया। अब जबकि राजस्थान, दिल्ली की पछुवा हवाओं ने दस्तक दे दी है तो मौसम विज्ञानियों ने पारा चढ़ने की उम्मीद जताई है। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएस ओझा का कहना है कि पछुवा हवाएं गर्मी के साथ धूल भरी आंधी भी लेकर आती हैं। ऐसे में अब पारा चढ़ने की पूरी उम्मीद है। पारा एक बार 45 डिग्री पार किया तो उसी पर कई दिनों तक टिके रहने की उम्मीद है।