घूरपूर -सरंगापुर बाजार में लोगों के घरों में भरा बरसात का पानी
- फोटो : Archive
क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बरसात के कारण कई जगह जलभराव हो गया है। सारंगपुर बाजार में हाईवे किनारे की दोनों तरफ की नालियां पट जाने से कई लोगों के घरों में बरसात का पानी घुस गया है, जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया बाजार के पास हाईवे के दोनों तरफ रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए निर्माण एजेंसी ने नालियों को दोनों तरफ से मलवा डालकर बंद कर दिया है, पालपुर नाला भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। जिसके कारण हाईवे का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। गांव के सुनील तिवारी, गुलाम सरवर, आशुतोष शुक्ला, प्रकाश नारायण, अजीत शुक्ला आदि लोगों के घरों में बरसात का पानी घुस गया है। जिसके कारण लोगों के घरों में रखी खाद्य सामग्री और गृहस्थी के अन्य सामान भीगकर खराब हो रहे हैं। ग्राम प्रधान सारंगपुर सुधीर यादव ने रिंगरोड का निर्माण कर रही एजेंसी को पत्र लिखकर हाइवे किनारे अवरुद्ध की गई नालियों से अवरोध हटाकर जल निकासी व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।