करनाईपुर क्षेत्र के कुशहरा गांव का मुख्य संपर्क मार्ग दलदल में तब्दील।
कहली-कुशहरा गांव की पटेल बस्ती को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग बारिश होते ही दलदल में तब्दील हो जाता है। जलभराव और कीचड़ से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे फिसलकर गिरने और चोटिल होने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीण श्याम बहादुर पटेल, राम प्रकाश पटेल, धर्मेंद्र कुमार पटेल और लालजी पटेल ने बताया कि जलभराव के कारण पैदल चलना मुश्किल है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से करीब एक किलोमीटर कच्चे संपर्क मार्ग को पक्की सड़क में तब्दील कराने की मांग की है।
ग्रामीण राम अवतार गुप्ता, संतोष कुमार गुप्ता, सुखदेव यादव और बिदां सिंह पटेल ने बताया कि संपर्क मार्ग की हालत लंबे समय से खराब है। बारिश में पानी और कीचड़ जमा होने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया कि नाली क्षतिग्रस्त होने से बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है और खड़ंजा भी खराब हो रहा है।