लखनऊ नेशनल हाईवे पर रेरुआ गांव के पास छह जुलाई को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ईंट भट्ठा मजदूर भोंदू सरोज (52) की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार रात को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र के रघुवंशपुर उर्फ रेरुआ की है।
रघुवंशपुर उर्फ रेरुआ गांव निवासी भोंदू छह जुलाई की रात करीब नौ बजे बेरावां रोड से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान लखनऊ नेशनल हाईवे पर रेरुआ स्थित काली माता मंदिर के पास तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह करीब सवा महीने तक आईसीयू में थे। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।