इलाहाबाद से मुंबई जाने वाले दूरंतो एक्सप्रेस निरस्त होने से नाराज यात्रियों ने मंगलवार को जंक्शन पर जमकर हंगामा किया। काफी दिन पहले आरक्षण कराने वालों ने रेलवे प्रशासन पर मनमाने तरीके से बिना सूचना के ट्रेन को निरस्त करने का आरोप लगाया। उधर, मुंबई रूट की कई अन्य ट्रेनें भी मंगलवार को निरस्त रही। इसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। इलाहाबाद-दूरंतो का जंक्शन से छूटने का समय शाम 7.30 बजे है। ट्रेन पकड़ने के लिए काफी यात्री शाम छह बजे के आसपास ही जंक्शन पहुंच गए।
इनमें काफी यात्री ऐसे भी थे जो कौशाम्बी, झूंसी, फाफामऊ आदि से जंक्शन पहुंचे थे। 25-30 किलोमीटर दूर से जंक्शन पहुंचे के बाद दूरंतो के निरस्त होने का पता चलने पर यात्रियों का पारा चढ़ गया। नाराज यात्रियों ने जंक्शन पर शोर-शराबा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे अफसरों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह रेलवे पर बिना सूचना ट्रेन निरस्त करने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। हालांकि यात्रियों की नाराजगी का रेलवे प्रशासन पर कोई असर नहीं हुआ। इसके पहले शनिवार को दूरंतो एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई थी। उधर, मंगलवार को गाड़ी संख्या 11062 मुजफ्फरपुर-एलटीटी एक्सप्रेस, 11055 गोदान एक्सप्रेस, 11093 महानगरी एक्सप्रेस, 51189 इटारसी-इलाहाबाद पैसेंजर, 22103 एलटीटी-फैजाबाद एक्सप्रेस, 11060 एलटीटी-छपरा एक्सप्रेस आदि ट्रेनें भी निरस्त रहीं। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। कुछ यात्रियों ने टिकट वापस किए तो काफी ने आगे के सफर के लिए दूसरी ट्रेनों का सहारा लिया।