Railway Waiting Ticket : ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट (प्रतीक्षा सूची) को लेकर रेलवे ने चुपके से एक बदलाव कर दिया है। अब किसी भी ट्रेन के स्लीपर, एसी थ्री, एसी टू, एसी फर्स्ट, चेयर कार, एग्जीक्यूटिव चेयर कार आदि श्रेणी में कुल बर्थ /सीट में से केवल 25 प्रतिशत तक ही वेटिंग टिकट जारी किए जाएंगे। यानी कि अब सीमित संख्या में ही वेटिंग टिकट जारी होंगे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय से जहां एक ओर यात्रियों को सुविधा होगी तो वहीं दूसरी ओर ट्रेनों के आरक्षित कोच में प्रतीक्षा सूची वाले लोगों की भीड़ भी नियंत्रित हो सकेगी।
अभी तक ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट की कोई लिमिट नहीं होती थी। लोकप्रिय ट्रेनों की बात करें तो प्रयागराज, श्रमशक्ति, ब्रह्मपुत्र आदि ट्रेनों में सामान्य दिनों में भी सभी श्रेणियों में 100 से ऊपर वेटिंग लिस्ट रहती है, वहीं त्योहारी सीजन एवं अन्य महत्वपूर्ण दिवसों में वेटिंग लिस्ट का आंकड़ा तमाम श्रेणियों में 400 के पार भी हो जाता है। ऐसे में जिन लोगों के टिकट कंफर्म नहीं हो पाते वह भी ट्रेनों में चढ़ जाते हैं। इससे आरक्षित कोचों में लोगों की काफी भीड़ हो जाती है। खासतौर से होली, दिवाली, और छठ जैसे त्योहारों में जिनके कंफर्म टिकट होते हैं उन्हें बहुत दिक्कत होती है।