सांसद ने इस दौरान प्रयागराज शहर में कुंभ मेले के दौरान रेलवे द्वारा किए गए तमाम कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्टेशनों पर यात्रियों के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, वाई फाई की सुविधा आदि दी गई है।
प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का उद्घाटन सोमवार को सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी ने किया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि बीते सात वर्ष के दौरान रेलवे में खूब विकास कार्य हो रहे हैं। आने वाले दिनों में संगम नगरी के प्रयागराज जंक्शन पर भी एयरपोर्ट सरीखी सुविधाएं मिलेंगी। इस स्टेशन को मोदी सरकार ने विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन
सांसद ने इस दौरान प्रयागराज शहर में कुंभ मेले के दौरान रेलवे द्वारा किए गए तमाम कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्टेशनों पर यात्रियों के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, वाई फाई की सुविधा आदि दी गई है। उन्होंने छिवकी में बने पुल को लेकर कहा कि इसका निर्माण वर्ष 2019 में शुरू हुआ। 6.65 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल की लंबाई 92 मीटर एवं चौड़ाई 6.1 मीटर है। पुल से प्लेटफार्म पर उतरने के लिए रैंप और सीढ़ी दोनों की ही व्यवस्था है। सांसद द्वारा पुल का उदघाटन करने के बाद छिवकी रेलवे स्टेशन पर अब दो फुट ओवर ब्रिज हो गए हैं।
सांसद को यहां रेलवे अफसरों ने बताया कि छिवकी में जल्द ही एक और प्लेटफार्म यात्रियों को उपलब्ध होगा। वर्तमान समय वहां कुल तीन प्लेटफार्म हैं। इसके पूर्व सांसद का स्वागत एडीआरएम संजीव दीक्षित और सीनियर डीसीएम विपिन कुमार सिंह ने किया। पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि पुल का निर्माण होने से यात्रियों को विशेष कर शारीरिक रूप से अशक्त यात्री, वरिष्ठ नागरिकों को लाभ होगा। इस अवसर पर मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर हिमांशु मंडल, इंजीनियर संपदा एस के चौहान, मंडल विद्युत इंजीनियर सामान्य एन के मिश्रा, अभिषेक शुक्ला, टीके अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।