Railway will give information about fair special trains on mobile app as well
प्रयागराज। माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने कुंभ जैसे ही इंतजाम किए हैं। कुंभ मेले की तर्ज पर रेल प्रशासन माघ मेले के लिए एक एप बनाया है। यह एप बृहस्पतिवार नौ जनवरी से डाउनलोड किया जा सकता है। इसे डाउनलोड करने के बाद यात्रियों को माघ मेले में चलने वाली सभी स्पेशल ट्रेन एवं नियमित ट्रेन की जानकारी आसानी से मिल जाएगी।
इस एप को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक बृहस्पतिवार को लांच करेंगे। एप की मदद से प्रयागराज के सभी प्रमुख स्टेशनों से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों की जानकारी यात्रियों को मिलेगी। माघ मेला की तैयारियों को लेकर बुधवार को एनसीआर महाप्रबंधक राजीव चौधरी की अध्यक्षता में एक बैठक भी हुई। बैठक में महाप्रबंधक ने माघ मेले के दौरान चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेनों पर चर्चा की।
उन्होंने अफसरों से कहा कि कुंभ मेले की तरह माघ मेले में सभी इंतजाम होने चाहिए। स्नान पर्व के दौरान मालगाड़ियां कम से कम चलाई जाएं। यात्रियों को आश्रय स्थल से ही प्लेटफार्म पर लाया जाए। उन्होंने मेडिकल बूथ, एंबुलेंस, एनाउंसमेंट सिस्टम आदि दुरुस्त रखने को कहा। बैठक में डीआरएम अमिताभ, सेक्रेटरी जीएम अमित मिश्र आदि अफसर मौजूद रहे।