Railway personnel agitated at ending the service of loco pilots
प्रयागराज। सिग्नल ओवर शूटिंग के मामले में दो लोको पायलटों की रेल सेवा समाप्त होने के विरोध में रेलकर्मियों ने रविवार को इलाहाबाद जंक्शन में प्रदर्शन किया। इस दौरान रेल कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नार्थ सेंट्रल रेलवे वर्कर्स यूनियन के बैनर तले हुए प्रदर्शन में कहा गया कि अगर दोनों रेलकर्मियों की रेल सेवा बहाल न की गई तो अन्य संगठनों के साथ मिलकर देश व्यापी आंदोलन किया जाएगा।
दरअसल बीते दो सप्ताह के दौरान तीन रेल कर्मियों की रेल सेवा समाप्त की गई है। इसमें दो लोको पायलट और एक स्टेशन मास्टर है। रेलवे यूनियन का आरोप है कि रेल प्रशासन द्वारा तीनों ही रेलकर्मियों को अपनी सफाई देने का भी मौका नहीं दिया गया। जंक्शन पर रविवार दोपहर वर्कर्स यूनियन के जोनल महामंत्री मनोज पांडेय के नेतृत्व में जुलूस की शक्ल में रेलकर्मी पहुंचे। यहां प्लेटफार्म नंबर एक स्थित लोको और गार्ड लॉबी के सामने कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। यहां मनोज पांडेय ने कहा कि सुरक्षा एवं संरक्षा के बहाने सिग्नल ओवर शूट के नाम पर लोको पायलटों का नौकरी बचाना मुश्किल हो रहा है। विंध्याचल में सिग्नल ओवर शूट का मामला निराधार है। लोको पायलटों को पर्याप्त आराम नहीं मिल रहा है। इसी वजह से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। कहा कि रेलवे बोर्ड के नए स्पैड (सिग्नल पांसिंग एट डेंजर) के सर्कुलर के अनुसार लोको पायलट की नौकरी नहीं जाएगी। लेकिन यहां रेल सेवा ही समाप्त कर दी जा रही है। इस अवसर पर यूनियन के सैय्यद इरफात अली, वरुण कुमार, राम किशोर, सैय्यद आफताब अहमद, आरपीएस यादव, चंदन कुमार, एसपी तिवारी, करन पाठक, एमके सिंह, विनोद प्रसाद, दीपक, उदय कुमार आदि मौजूद रहे।