माघ मेले के दौरान स्पेशल ट्रेनों की समय सारिणी जारी करने के बाद अब पूर्वोत्तर रेलवे ने ऑन डिमांड ट्रेन संचालन की भी तैयारी की है। बुधवार को माघ मेले से जुड़ी तैयारियों का निरीक्षण करने प्रयागराज पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय वोरवणकर ने कहा कि अगर प्रयागराज रामबाग और झूंसी स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती है तो ऑन डिमांड स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन के साथ प्रयागराज रामबाग और झूंसी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे महाप्रबंधक ने कहा कि यात्रियों को कोई असुविधा न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। डीआरएम वाराणसी ने महाप्रबंधक को दोनों रेलवे स्टेशनों पर की गईं तैयारियों का ब्योरा दिया। यह भी बताया कि स्पेशल ट्रेनों के संचालन के लिए आसपास के स्टेशनों पर रेक भी रिजर्व में रखे जाएंगे।
महाप्रबंधक ने कहा कि यात्रियों को रेल वन एप के माध्यम से भी टिकट खरीदने के लिए जागरूक किया जाए। कहा कि व्यवस्था ऐसी करें कि कहीं भीड़ एकत्र न हो और यात्री आश्रय स्थलों पर टिकटिंग की विशेष व्यवस्था हो। उन्होंने आरपीएफ अफसरों व जवानों से भी वार्ता की। यह भी कहा कि माघ मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार किया जाए। मेला ड्यूटी के लिए दूसरे स्टेशनों से आए रेलकर्मियों के रहने की व्यवस्था का भी महाप्रबंधक ने जायजा लिया।