रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) इलाहाबाद की ओर से ली जा रही विभिन्न पदों की ऑनलाइन परीक्षा का पेपर लीक होने का खुलासा होने के बाद रेलवे बोर्ड गंभीर हो गया है। इस सेंट्रलाइज्ड परीक्षा का पर्चा लीक होने के बाद रेलवे बोर्ड अब पूरे देश में इसकी जांच कराने जा रहा है। इसके लिए अगले कुछ दिनों में कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
आरआरबी इलाहाबाद की ओर से आयोजित ऑनलाइन परीक्षा में 22 अप्रैल को पेपर लीक हो गया था। रेलवे बोर्ड की ओर से इसकी विजलेंस जांच की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इसके बाद इस परीक्षा के निरस्त होने की संभावना बढ़ गई है। इस बीच रेलवे बोर्ड ने देश में जहां भी यह परीक्षा हो रही है, सभी जगह जांच कराने का फैसला कर लिया है। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी कितनी देर तक कंप्यूटर के सामने बैठा रहा और उसकी हरकत क्या थी।
इस बीच यह पता चला कि परीक्षार्थी कंप्यूटर के सामने बैठा है, लेकिन कोई हरकत नहीं कर रहा है तो मामला संदिग्ध माना जाएगा। आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन एनपी सिन्हा ने बताया कि जांच में व्यापक स्तर पर पर्चा लीक होने का पता चला तो रेलवे बोर्ड परीक्षा रद करने पर फैसला लेगा।
परीक्षा में शामिल हुए 5935 अभ्यर्थी
आरआरबी इलाहाबाद की ओर से नॉन टेक्निकल पॉपुलर कटेगरी की ऑनलाइन परीक्षा बुधवार को इलाहाबाद के सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से निपट गई। तीन चरणों में हुई परीक्षा के लिए इलाहाबाद में 10045 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था लेकिन इसमें 5935 अभ्यर्थी ही शामिल हुए।