मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के पर्सनल विभाग में कार्यरत एक रेलकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। सीनियर डीपीओ राजेश कुमार शर्मा द्वारा कर्मचारी को निलंबित किया गया। कर्मचारी पर आरोप है कि उसने विभाग की एक महिला सहकर्मी के साथ छेड़खानी की। फिलहाल कर्मचारी के निलंबन के बाद रेलवे द्वारा विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि पर्सनल विभाग में कार्यरत एक महिला रेलकर्मी ने विभाग में ही कार्यरत एक लिपिक की शिकायत की थी। महिला ने संबंधित रेलकर्मी पर छेड़खानी का आरोप लगाया। उसने इस बात की लिखित शिकायत भी की। महिला रेलकर्मी से मामला जुड़ा होने की वजह से रेलवे प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित रेलकर्मी को दो दिन पहले ही सस्पेंड किया। बुधवार को डीआरएम ऑफिस में कर्मचारी के निलंबन की खासी चर्चा रही। रेलवे की यूनियनों तक भी यह मामला पहुंचा। क्योंकि मामला छेड़खानी का रहा इस वजह से यूनियन नेताओं ने भी इस मामले में चुप्पी साध ली।
मंडल के पीआरओ केशव त्रिपाठी से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सीनियर डीपीओ ने केएस शुक्ला नाम के एक कर्मचारी को निलंबित किया है। उसका निलंबन एक महिला रेलकर्मी की शिकायत पर किया गया है। फिलहाल इस मामले की विभागीय जांच चल रही है। इसके पूर्व पिछले दिनों एक फाइल की लेटलतीफी के मामले में भी कामर्शियल विभाग के तीन कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया था। उसकी भी विभागीय जांच चल रही है।