प्रमुख अभियंता ने किया था निरीक्षण
हाईकोर्ट पानी की टंकी के समीप स्थित खुसरो बाग रेलवे पुल की क्षतिग्रस्त स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने इसे बंद करने का निर्णय लिया है। इस सेतु के बंद होने के बाद आवागमन के लिए पीडब्ल्यूडी को वैकल्पिक व्यवस्था कराने के साथ पुल पर भारी वाहनों के आवागमन को तत्काल बंद करने के लिए कहा गया है। इस दौरान पुल पर दो पहिया व पैदल आवागमन के दौरान दोनों तरफ बैरीकेडिंग कराई जाएगी।
बता दें कि इसी माह छह फरवरी को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने पुल का निरीक्षण किया था। जिसमें उन्होंने पुल को क्षतिग्रस्त बताया था। जिसके बाद अब इसी पुल के बगल में स्थित नवनिर्मित रेलवे पुल पर दोनों तरफ का यातायात शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा हाईकोर्ट से चौफटका रेलवे पुल खुसरो बाग होते हुए जंक्शन तक प्रयोग में लाया जाएगा।
जल्द तोड़ा जाएगा आरओबी
हाईकोर्ट पानी टंकी का पुल पुराने शहर को नए शहर से जोड़ने की अहम कड़ी रहा है। इसकी हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि अब इसकी मरम्मत भी संभव नहीं रह गई है। ऐसे में इस पुल को जल्द ही ध्वस्त करने की तैयारी है। वहीं लोगों को कोई तकलीफ न इसके लिए बगल स्थित नवनिर्मित पुल पर दोनों तरफ का आवागमन शुरू रहेगा।
पानी टंकी सेतु को कंडम घोषित किया जा चुका है। अब यह मरम्मत के लायक नहीं रह गया है। ऐसे में इस सेतु को बंद किया जा रहा है। - मनोज अग्रवाल, मुख्य परियोजना प्रबंधक सेतु निगम।