अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन की तलाश में पुलिस ने शहर में कई जगह दबिश दी। पुलिस ने करीबी रिश्तेदारों के घरों के साथ साथ कई पड़ोसियों के घरों को भी खंगाला। पुलिस ने शनिवार को शाइस्ता पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
उमेश पाल हत्याकांड में अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन भी नामजद हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही शाइस्ता फरार है। दो दिन पहले एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ था जिसमें शाइस्ता ढाई लाख के इनामी शूटर साबिर के साथ दिखी थी। वह नीवा में अतीक के गुर्गे बली पंडित से मिलने गई थी। साबिर, उमेश पाल हत्याकांड में पांच मोस्ट वांटेड शूटरों में से एक है।
सीसीटीवी फुटेज के बाद पुलिस चकिया, कसारी मसारी, राजरूपपुर, मरियाडीह, सिलना और हटवा इलाकों में दबिश दी। इसके अलावा अतीक के कुछ करीबी बिल्डर और व्यापारियों के घर भी शाइस्ता की खोजबीन की गई। पुलिस अफसरों का कहना है कि उमेश पाल हत्याकांड के सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अतीक के करीबी बिल्डरों और व्यापारियों की बनाई जा रही कुंडली
अतीक ने जमीन के धंधे में कई सफेदपोश बिल्डरों और व्यापारियों के माध्यम से पैसा लगाया है। इन बिल्डरों ने हाल के सालों में अतीक के नाम का प्रयोग कर अकूत संपत्ति इकट्ठा की हैं। अब पुलिस ऐसे बिल्डरों की सूची तैयार कर रहा है। जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बली पंडित पुलिस हिरासत में
अतीक के गुर्गे बली पंडित को पुलिस ने रविवार को हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। शाइस्ता परवीन का जो सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है, उसमें वह नीवा में बली पंडित से ही मिलने गई थी। पुलिस उससे शाइस्ता के अलावा शूटर साबिर के बारे में भी पूछताछ कर रही है।