कल दोपहर सवा तीन बजे राहुल गांधी के आने का कार्यक्रम
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम का प्रोटोकॉल जारी हो गया है। राहुल गांधी दोपहर 2:00 बजे दिल्ली से प्रस्थान कर 3:15 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे और अपराह्न 3:30 से 5:30 बजे तक आनंद भवन/स्वराज भवन में विश्राम के बाद शाम 6:00 से 8:30 बजे तक केपी कॉलेज ग्राउंड में छात्रों के बीच रहेंगे। इसके बाद रात 9:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
किसी पार्टी का झंडा या राजनीतिक गतिविधियां नहीं होंगी
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है और इसमें किसी पार्टी का झंडा या राजनीतिक गतिविधियां नहीं होंगी बल्कि केवल छात्रों के मुद्दों की बात होगी। प्रशासन को समय से सूचना दे दी गई है और यह संवाद तय समय पर मजबूती से संपन्न होगा। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव वीपी सिंह, शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी, प्रवक्ता संजीव सिंह, हसीब अहमद, कोषाध्यक्ष शिव पांडेय समेत शेखर बहुगुणा, हरिकेश त्रिपाठी, किशोर वार्ष्णेय, सुधाकर तिवारी आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस के कई बड़े नेता पहुंचे प्रयागराज
राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए कांग्रेस के कई बड़े नेता बृहस्पतिवार को प्रयागराज पहुंचे। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जय हिंद, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु छिब, एनएसयुआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसबी श्रीनिवासन, यूपी कांग्रेस सोशल मीडिया इंचार्ज शालनी सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू समेत यूपी में कांग्रेस के सभी सांसद भी शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने दिए ये आश्वासन
हम आपके खेल मैदान एवं प्रांगण की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे
हम उतने ही हिस्से का प्रयोग करेंगे जिससे छात्रों से संबंधित खेलकूद में व्यवधान न पड़े
हम इलाहाबाद उच्च न्यायालय या किसी भी न्यायालय के आदेश की अवहेलना नहीं करेंगे
तैयार के दौरान खेल के मैदान को नुकसान हुआ तो उसे ठीक कराएंगे
यह कार्यक्रम किसी भी स्वरूप में वाणिज्यिक नहीं है
इस आश्वासन के बाद मैदान हमें मिल जाएगा। आज हम पूर्व में दिए गए अपने पत्र को वापस लेते हैं और संस्था से किसी भी प्रकार के मुआवजे की बात को वापस लेते हैं