राहुल गांधी की किसान यात्रा के जरिये कांग्रेस ने किसानों तक पहुंचने की जो मुहिम शुरू की, पार्टी उस सिलसिले को जारी रखना चाहती है। किसान यात्रा पूरी होने के बाद अब राहुल संदेश यात्रा शुरू की जा रही है। हालांकि इस यात्रा में पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी सीधे तौर पर मौजूद नहीं होंगे लेकिन कार्यकर्ता प्रतिनिधि के रूप में उनका संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेंगे। इलाहाबाद में इस यात्रा की शुरुआत 13 अक्तूबर से होने जा रही है, जो सभी 20 ब्लॉकों में जाएगी और 27 अक्तूबर को पूरी होगी। सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारित की गई।
जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी के नेतृत्व में हुई बैठक में तय हुआ कि 13 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे आनंद भवन से राहुल संदेश यात्रा की शुरुआत होगी। यात्रा इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में जमुनापार डांडी, चवाका, मामा भांजा तालाब, घूरपुर, गौहनिया, जसरा, शंकरगढ़ पहुंचेगी। वहां रात्रि विश्राम होगा। यात्रा के दौरान जगह-जगह नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
इसके अलावा 14 अक्तूबर को यात्रा शंकरगढ़ से घटवा चौराहा तक, 15 को घटवा चौराहा से खीरी होते हुए कौंधी तक, 16 को कौंधी से कोरांव तक, 17 को कोरांव से सिरसा तक और 18 को सिरसा से एडीए कॉलोनी नैनी होते हुए शहर क्षेत्र में प्रवेश करेगी। इसके बाद गंगापार इलाके में राहुल संदेश यात्रा निकाली जाएगी। बैठक में यात्रा को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान पार्टी नेता संत प्रसाद पांडेय, अवधेश त्रिपाठी, यशवीर सिंह यादव, गुल्लू गांधी, सीपी तिवारी, संतोष मिश्र, मंजू संत, विमल मेहरोत्रा, कमलेश मिश्र आदि मौजूद रहे।