मऊआइमा-गमरहटा में चोरी के बाद बिखरा सामान
- फोटो : Samvad
क्षेत्र के गमरहटा गांव में रविवार की रात एक घर में घुसे चोर ने महिला को धक्का मारकर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकदी लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
गमरहटा निवासी संजू देवी प्रजापति ने बताया कि उनके पति अजय कुमार मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। वह अपनी छोटी बच्ची और ससुर शिव कुमार के साथ घर पर रहती हैं। रविवार रात खाना खाने के बाद ससुर घर के बाहर सोने चले गए। संजू देवी बच्ची के साथ आंगन में सो गईं। देर रात घर के अंदर से आहट सुनकर उनकी नींद खुली तो देखा कि कमरे में एक व्यक्ति खड़ा था। शोर मचाने पर चोर धक्का मारते हुए अंधेरे में भाग गया। कमरे में जाकर देखा तो संदूक और अलमारी के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर सोने-चांदी के जेवर समेत अलमारी में रखे एक लाख रुपये नकदी चोरी कर ले गया। सूचना पर मऊआइमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़िता ने सोमवार को थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर मऊआइमा राम मूर्ति यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।