पुलवामा में सीआरपीएफ के 42 जवानों की शहादत से सैनिकों के परिजन बेहद नाराज हैं। वे चाहते हैं कि आतंकियों और उन्हें पनाह देने वालों के खिलाफ सरकार तुरंत जवाबी कार्रवाई करे। आतंकियों से न बात न ही कोई रियायत। 56 इंच का सीना दिखाने का सबसे माकूल समय आ गया है।
सपा नेता विनय कुशवाहा का बेटा विक्की कुशवाहा आर्मी में कैप्टन है। वह इन दिनों झांसी के बबीना स्टेशन पर तैनात है। विनय घटना से बेहद आहत हैं। उनका कहना है कि आतंकियों ने सारी सीमा पार कर दी है। अब जनता सिर्फ कार्रवाई चाहती है। मोदी को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। चुनावों से ठीक पहले हुई इस घटना पर किसी को राजनीति नहीं करना चाहिए।
नवाबगंज के पंचदेवरा के रहने वाले जगन्नाथ त्रिपाठी के तीन बेटे रवि प्रकाश, जय प्रकाश और गणेश फौज में हैं। रवि की तैनाती जम्मू में है तो जय प्रकाश पूर्वोत्तर में तैनात हैं। गणेश की तैनाती भी जम्मू में है। जगन्नाथ ने जब से सैनिकों की इतनी बड़ी शहादत के बारे में सुना स्तब्ध रह गए। उन्हें लगा कि जैसे उनके परिवार के ही किसी शख्स के साथ घटना हुई है।
उन्होंने साफ कहा कि अब किसी तरह की न राजनीति होनी चाहिए न ही बात होनी चाहिए। सिर्फ बदला चाहिए। एक सिर के बदल दस सिर की बात हुई थी। सरकार को उस बात पर अटल रहना चाहिए। एक एक सैनिक की शहादत का बदला चाहिए नहीं तो जनता सरकार को माफ नहीं करेगी।