इलाहाबाद (ब्यूरो)। एडीए ने शुक्रवार को फाफामऊ स्थित शांतिपुरम आवास योजना के सेक्टर ए के पास करीब 1.12 करोड़ रुपये की चार सौ वर्गमीटर अध्याप्त भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। इसके अलावा अल्लापुर एवं दारागंज में चार अवैध निर्माण सील किए।
शांतिपुरम आवास योजना में इलाहाबाद लखनऊ रोड से लगी आराजी संख्या 365 की इस भूमि पर भल्लू खान नाम के व्यक्ति ने कब्जा कर रखा था। उसने प्लाट पर करीब चार फीट ऊंचे कामरों का निर्माण भी करा लिया था। उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय के निर्देश पर शुक्रवार को जोनल अधिकारी परमानंद यादव के नेतृत्व में गए दस्ते ने प्लाट को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। कार्रवाई में जेई अश्वनी कुमार मिश्र, प्रवर्तन दल, पुलिस बल शामिल था।
दूसरी ओर जोनल अधिकारी डॉ.विश्राम के नेतृत्व में एडीए दस्ते ने अल्लापुर एवं दारागंज में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की। अल्लापुर में मटियारा रोड पर व्यावसायिक समेत दो अवैध निर्माण सील किए गए। इसी तरह बाघम्बरी गद्दी एवं दारागंज में निराला मार्ग पर अवैध रूप से बनाया जा रहा भवन सील किया गया। कार्रवाई में जेई डीके पांडेय, बीआई घनश्याम तिवारी, विजय शंकर पांडेय, प्रवर्तन दल, पुलिस बल शामिल था।