दो वर्ष पूर्व भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक को सेना ने पराक्रम दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर वायुसेना के मध्य वायु कमान मुख्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां शहर के तमाम स्कूलों के बच्चों को बुलाकर उन्हें सेना से रूबरू करवाया गया। इस दौरान जवानों ने जहां एक ओर सर्जिकल स्ट्राइक का डेमो पेश किया तो वहीं स्कूूली बच्चों को सेना के विध्वंसक विमान भी दिखाए गए। वायु सेना की ताकत देखकर बच्चे भी गौरवान्वित हुए।
वायुसेना स्टेशन बम्हरौली में एयरफोर्स ने हवाई जहाजों का स्टैटिक डिस्प्ले किया। इसमें लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर, माइक्रोलाइट तथा एक पावर हैंड ग्लाइडर शामिल रहा। इस दौरान गरुड़ कमांडों द्वारा एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सी के सहारे नीचे उतरने का प्रदर्शन किया गया। इस पर बच्चों ने खूब तालियां बजाई। स्कूूली बच्चों ने ध्रुव हेलीकॉप्टर के साथ सेना के लड़ाकू विमान भी करीब से देखे। विमानों से संबंधित सवाल भी बच्चों ने जवानों से पूछे। कार्यक्रम में भारतीय सशस्त्र सेनाओं के बहादुरी के प्रदर्शन की स्पेशल वीडियो रिर्काडिंग भी दिखाई गई। यहां बनाई गई सेल्फी दीवार पर बच्चों ने सेल्फी भी ली। वायुसेना के विंग कमांडर एवं रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता अरविंद सिन्हा के मुताबिक पराक्रम दिवस पर विभिन्न स्कूलों के तकरीबन एक हजार बच्चे पहुंचे। इस दौरान मोटिवेशनल बोर्ड पर सशस्त्र सेनाओं के कार्मिकों के लिए बच्चों ने प्रेरक संदेश भी लिखे।