भारतीय जीवन बीमा निगम के मंडल कार्यालय जीवन प्रकाश के द्वार पर मंगलवार को नोएडा के श्रमिक आंदोलन के समर्थन में प्रतिरोध सभा हुई। इस दौरान संयुक्त ट्रेड यूनियन, केंद्र- राज्य कर्मचारी महासंघों और बैंक-बीमा यूनियन ने धरना प्रदर्शन कर डीएम के जरिये राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
सभा के दौरान वक्ताओं ने गिरफ्तार श्रमिकों को रिहा करने, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने, चारों लेबर कोड वापस लेने, काम के समय को आठ घंटे करने, एलपीजी सिलिंडर के दाम कम करने सहित कई मांगों पर विचार रखे। सभा की अध्यक्षता केंद्रीय कर्मचारी नेता सुभाष चंद्र पांडेय और संचालन इलाहाबाद डिवीजन इंश्योरेंस इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष अविनाश कुमार मिश्र ने किया।
सभा को आनंद मालवीय, सीटू के विकास स्वरूप, एटक के शीतला प्रसाद, इंटक के मदन सिंह, यूपीएमएसआरए के समीर भट्टाचार्य, एलआईसी के संतोष विश्वकर्मा, दिशा छात्र संगठन के चंद्रप्रकाश सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
वयोवृद्ध ट्रेड यूनियन नेता नसीम अंसारी ने सबके प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान अविनाश चंद्र श्रीवास्तव, पारिजात चौधरी, प्रेम प्रकाश, अनिरुद्ध वर्मा, रमेश तिवारी, आशीष सिंह, सृष्टि ओझा, सौम्या अग्रहरि और मोनिका तिवारी सहित बड़ी संख्या में ट्रेड यूनियन के नेता, छात्र और कर्मचारी उपस्थित रहे। संवाद