इलाहाबाद। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्ति पाए शिक्षकों एवं कर्मचारियों को किसी प्रकार की पेंशन योजना से नहीं जोड़े जाने और परमानेंट रिटायरमेंट एकाउंट नंबर आवंटित नहीं किए से नाराज उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट ने शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का आरोप है कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में परमानेंट रिटायरमेंट एकाउंट नंबर आवंटित करने की प्रक्रि या छह महीने में पूरी नहीं जा सकी है। शिक्षकों ने धमकी दी कि यदि 20 दिसंबर तक परमानेंट रिटायरमेंट एकाउंट नंबर आवंटित नहीं किया गया तो शिक्षक 20 दिसंबर से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर अनवरत धरना देंगे। धरने में महेश दत्त शर्मा, रमेश चन्द्र शुक्ल, डॉ. वातात्मज मिश्र, शैलेश पांडेय शामिल हुए। धरने के दौरान सह जिला विद्यालय निरीक्षक संजय कुशवाहा एवं वित्त एवं लेखाधिकारी संजय सिंह ने पहुंचकर कहा कि इस माह तक परमानेंट रिटायरमेंट एकाउंट नंबर जारी कर दिया जाएगा।