माध्यामिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड कार्यालय पर सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते टीजीटी, पीजीटी प्रतियोगी मोर्चा के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में सदस्यों की नियुक्ति के साथ शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग तेज हो गई है। इन मांगों को लेकर प्रतियोगियों ने सोमवार को दिन भर चयन बोर्ड कार्यालय को घेरे रखा और प्रदर्शन किया। मांग नहीं माने जाने पर उन्होंने आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी।
लंबे संघर्ष के बाद चयन बोर्ड में अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी गई है, लेकिन सदस्यों के पद अब भी खाली हैं। इससे कोरम ही नहीं पूरा हो पा रहा। इंटर कालेजों में शिक्षकोें की भर्ती प्रक्रिया महीनों से ठप है। नाराज प्रतियोगियों ने टीजीटी, पीजीटी प्रतियोगी मोर्चा के बैनर तले चयन बोर्ड पर धरना दिया। बड़ी संख्या में एकत्रित प्रतियोगियों ने बोर्ड के गेट को भी कब्जे में ले लिया था। ऐसे में अफसर बाहर नहीं निकल पाए। प्रतियोगियों के समर्थन में शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने घोषणा की कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो वे लखनऊ में प्रतियोगियों के साथ धरना देंगे।
उन्होंने मोबाइल पर प्रमुख सचिव से वार्ता भी की। उन्हें बताया गया कि सोमवार को ही इस संबंध में बैठक हुई। जल्द ही सदस्याें की नियुक्ति कर दी जाएगी। इस दौरान हुई सभा में प्रतियोगियों का कहना था कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो 20 अप्रैल को वे लखनऊ में धरना देंगे। उन्होंने 23 अप्रैल को इलाहाबाद में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के विरोध की भी घोषणा की। प्रतियोगी शाम तक धरने पर बैठे रहे। धरना और घेराव करने वालों में रिंकू सिंह, जितेंद्र यादव, मोहन सिंह, अखिलेश यादव, अनुज सिंह, रवि वर्मा, कुलदीप, विजय, लक्ष्मी, रूपेश, प्रमोद आदि शामिल रहे।