फूलपुर के भुलईकापूरा गांव के सामने हुए हादसे में मृतक वीरेंद्र की फाइल फोटो।
तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। गंभीर रूप से घायल प्रॉपर्टी डीलर को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बहरिया थाना क्षेत्र के सराय मदन गांव निवासी वीरेंद्र कुमार यादव उर्फ बब्बू (48) पुत्र स्व. राम दुलार यादव परिवार के साथ झूंसी में रहते थे। शुक्रवार को वह झूंसी से फूलपुर आ रहे थे। भुलई का पूरा गांव के सामने प्रयागराज-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वीरेंद्र कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों और स्थानीय लोग उन्हें सीएचसी फूलपुर ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उनका एक बेटा और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है।