वीसी कार्यालय की छत पर चढ़कर खुदकुशी की धमकी देने में 12 नामजद
इविवि कुलपति कार्यालय की छत पर चढ़कर खुदकुशी की धमकी देने के मामले में 12 नामजद व 150 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। प्रॉक्टर हर्ष कुमार की तहरीर पर यह केस लिखा गया है। इसमें उन्होंने बताया है कि 20 सितंबर को एक जुलूस कुलपति कार्यालय पर पहुंचा। इसी दौरान आयुष प्रियदर्शी वीसी कार्यालय की छत पर गैस सिलेंडर लेकर चढ़ गया और आत्मदाह की धमकी देने लगा। उसे उतारकर पुलिस को सौंपा गया।
आरोप है कि वीसी कार्यालय भवन हेरिटेड बिल्डिंग है और इसे क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से ही यह कृत्य किया गया। इसके बाद तीन-चार लोगों ने पेट्रोल पी लिया और कुछ ने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। इससे परिसर में अफरातफरी मच गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि सत्यम कुशवाहा, आदर्श सिंह भदौरिया, नितिन मलिक, आयुष प्रियदर्शी, अजय सिंह सम्राट, इंद्रजीत मौर्य, आशुतोष पटेल, जीतेंद्र धनराज, सुधीर यादव क्रांतिकारी, अमित पांडेय, हरेंद्र यादव, संदीप वर्मा को नामजद किया गया है।
आंदोलन में शामिल न होने पर छात्र की पिटाई
इविवि में फीस वृद्धि के खिलाफ चल रहे आंदोलन में शामिल न होने पर छात्र नमन पांडेय को पीटा गया। एमए द्वितीय वर्ष के छात्र नमन ने पुलिस को बताया कि 27 सितंबर को वह अंग्रेजी विभाग में क्लास करने गया था। इसी दौरान उसके साथ पढ़ने वाला अश्वनी कुमार निवासी कुंडा प्रतापगढ़ पहुंचा और उस पर आंदोलन में शामिल होने का दबाव बनाने लगा। इंकार पर बाहरी लोगों को बुलाकर पिटाई कर दी। साथ ही शिकायत पर जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि एक नामजद व अन्य अज्ञात पर रिपोर्ट लिखकर जांच पड़ताल की जा रही है।