दिल्ली के लुटियंस इलाके में स्थित है प्रियंका का आवास
- फोटो : Getty
संगम से होकर गंगा किनारे के तीर्थों की परिक्रमा करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी काशी पहुंचेंगी। इस दौरान उनकी मोटरबोट चार जिलों से होकर गुजरेगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उनकी जलयात्रा का रूट जारी कर दिया है।
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष (प्रशासन) डॉ. आरपी त्रिपाठी की ओर से जारी जल यात्रा के रूट के मुताबिक प्रियंका गांधी सोमवार की सुबह 8:40 बजे संगम पहुंचेंगी। यहां त्रिवेणी दर्शन के बाद वह छतनाग घाट जाएंगी। प्रियंका यात्रा मार्ग पर कहीं मोटरबोट से तो कहीं सड़क मार्ग से भी चलेंगी। छतनाग से दुमदुमा पहुंचने पर घाट रिसेप्शन होगा। वहां से वह मोटरबोट से सिरसा पहुंचेंगी, जहां पदयात्रा के साथ भगवान शिव के दर्शन का कार्यक्रम निर्धारित है। यहां वह कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व आम लोगों से मुलाकात भी करेंगी।
सिरसा से वह सड़क मार्ग से कार के जरिए टुुड़िहार पहुंचेंगी। वहां पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए महेश यादव की पत्नी व बच्चों से अतिथि गृह में मुलाकात करेंगी। टुड़िहार से कार द्वारा वह सीतामढ़ी पहुंचेंगी। वहां भी स्थानीय क्षेत्रों में वह भ्रमण कर लोगों से मुलाकात करेंगी। वहां से फिर मोटरबोट से उनकी यात्रा भदोही होते हुए विंध्याचल पहुंचेगी। विंध्याचल घाट से वह शाम को विंध्याचल गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। वहां कालीन बुनकरों व वकीलों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगी। रात नौ बजे प्रियंका मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए पहुंचेंगी। दर्शन-पूजन के बाद वापस गेस्टहाउस में रात्रि विश्राम करेंगी।
19 मार्च की सुबह 10 बजे विंध्याचल से चलकर मिर्जापुर जिले के कंतित पहुंचेंगी। वहां मौलाना इस्माइल चिश्ती की मजार पर चादर चढ़ाने के साथ ही जनता से मुलाकात करेंगी। कंतित से सड़क मार्ग से चलकर वह फिर विंध्याचल घाट जाएंगी। वहां से मोटरबोट से पक्का घाट पहुंचेंगी, जहां घाट रिसेप्शन होगा। पक्का घाट से कचहरी घाट पहुंचकर वकीलों से मिलेंगी। कचहरी घाट से चलकर वह भटौली जाएंगी। वहां भटौली गांव के भ्रमण का कार्यक्रम है। फिर, भटौली से वह चंद्रिका देवी मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगी। वहां मंदिर में पूजा के बाद देवरी गांव में भ्रमण के लिए पहुंचेंगी। देवरी से वह चुनार गेस्टहाउस जाएंगी।
चुनार में जन संपर्क के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। इस दौरान शहर में प्रियंका का रोड शो भी होगा। यहां रोड शो के बाद कुछ प्रतिनिधिमंडलों व नेताओं से मिलेंगी। रात्रि विश्राम चुनार गेस्ट हाउस में होगा। 20 मार्च की सुबह नौ बजे चुनार गेस्ट हाउस से चलकर अदलपुरा की शीतला माता के दरबार पहुंचेंगी। वहां दर्शन-पूजन के बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगी। वहां प्रियंका एक होली मिलन समारोह में हिस्सा लेंगी।