प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक बने अविस्मरणीय पल के साक्षी
0 भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में आए प्रधानाचार्य, शिक्षकों ने साझा किए अनुभव
0 बोर्ड सचिव के हाथों सम्मानित होने पर यूपी बोर्ड के छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह
प्रयागराज। अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में अपने विद्यालय के बच्चों को सम्मानित होने का साक्षी बने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से आए प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण। जिन बच्चों को इन शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यो ने पूरी मेहनत से पढ़ाया, उन बच्चों ने बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक लाकर विद्यालय का नाम रोशन किया। आज उन्हीं बच्चों को अमर उजाला के भविष्य ज्योति समारोह में सम्मानित होते देख खुशी का ठिकाना नहीं था। सम्मान समारोह में दर्जनभर से अधिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, निदेशक एवं शिक्षक मौजूद रहे।
बच्चों की मेहनत को समाचार पत्र के सम्मान से प्रधानाचार्य गदगद
0 अमर उजाला के सम्मान समारोह में पहुंची नैनी के बेथनी कान्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्या सिस्टर शिल्पा ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बच्चों को पूरे वर्ष स्कूल की ओर से बड़ी मेहनत से पढ़ाया जाता है, अब अच्छा परिणाम आने के बाद समाचार पत्र अमर उजाला की ओर से सम्मानित किए जाने पर उन्हें बड़ी खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से बच्चों का हौसला बढ़ता है। महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या ने बच्चों के सम्मान के बाद आईजी मोहित अग्रवाल और यूपी बोर्ड की सचिव की प्रेरणा दायक सीख की सराहना की। उन्होंने कहा कि अमर उजाला ने लगातार शिक्षा, शिक्षक एवं शिक्षार्थियों के लिए आगे बढ़कर एक-दूसरे को जोड़ने का काम किया है।
बोर्ड सचिव के हाथों सम्मान को प्रेरक बताया
ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र, रानी रेवती सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय, बीबीएस इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रजनी शर्मा ने कहा कि यूपी बोर्ड के बच्चों के लिए यह प्रेरणा देने वाला समय है, उन्होंने कहा कि जिस यूपी बोर्ड की सचिव के हस्ताक्षर वाले प्रमाण पत्र-अंक पत्र, हमारे बच्चों को मिले हैं, उन्हीं बोर्ड की सचिव के हाथों उनका सम्मान हो रहा है। उन्होंने अमर उजाला की ओर से बोर्ड सचिव के हाथों यूपी बोर्ड के बच्चों के सम्मान की सराहना की। इलाहाबाद पब्लिक स्कूल के निदेशक राजीव मिश्र अपने स्कूल के बच्चों उत्कर्ष राय एवं शुभांकरी राय के साथ सम्मान समारोह में पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह बच्चे इस पल को अपने साथ हमेशा याद रखेंगे।
शिक्षकों ने बच्चों के साथ सेल्फी लेकर यादगार पल को संजोया
0 टैगोर पब्ल्कि स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक संजय श्रीवास्तव, आर्मी पब्लिक स्कूल के डॉ. पवन कुमार तिवारी, गंगागुरुकुलम के संजीव माथुर, पतंजलि ऋषिकुल के शिक्षक नीरज एवं सूर्यकांत सहित शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के बड़ी संख्या में शिक्षक, प्रधानाचार्य एवं अभिभावक इस गौरवशाली पल के साक्षी बने। समारोह के बाद अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान के बैनर के साथ अधिकांश छात्रों ने सेल्फी लेकर इस पल को हमेशा के लिए सुरक्षित कर लिया। बड़ी संख्या में छात्रों ने आईजी मोहित अग्रवाल और बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव के साथ सेल्फी लेकर यादें संजोकर रख ली।