बहरिया विकासखंड के किरांव गांव में आयोजित ग्राम चौपाल में प्रमुख सचिव सहकारिता आईएएस अजय कुमार शुक्ला ने योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। जलापूर्ति, सड़क, शौचालय, पेंशन और राजस्व संबंधी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
चौपाल में प्रमुख सचिव ने ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने जलापूर्ति, खराब हैंडपंप, सड़क की बदहाली, शौचालय निर्माण और राजस्व संबंधी समस्याएं प्रमुख सचिव को बताईं। जल जीवन मिशन के तहत गांव में सैकड़ों कनेक्शन दिए जाने के बावजूद घरों तक पानी न पहुंचने की शिकायत पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए एसडीएम फूलपुर को एक सप्ताह में वस्तुस्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
देवी और सुमन देवी की ओर से हैंडपंप से जुड़ी शिकायतें रखे जाने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सिसई सिपाह निवासी दिलशाद अहमद ने लहटी संपर्क मार्ग की जर्जर स्थिति की ओर ध्यान दिलाया, जिस पर सड़क की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों का विभागवार अनुश्रवण किया जाएगा और शिकायतकर्ताओं को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मौके पर एसडीएम फूलपुर अनुराग यादव, जिला विकास अधिकारी गोपाल प्रसाद कुशवाहा, बीडीओ कविता तिवारी, ग्राम विकास अधिकारी दयाराम पटेल, ग्राम प्रधान सीमा मौर्य आदि रहे।
जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए
चौपाल स्थल पर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। प्रमुख सचिव ने स्वयं सहायता समूह, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं शिक्षा विभाग के स्टॉलों का निरीक्षण किया। बहरिया ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों की ओर से प्रदर्शित शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) की उन्होंने विशेष सराहना की। निरीक्षण के बाद उन्होंने अमृत वाटिका में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर एबीएसए शिव अवतार, एआरपी भूपेंद्र सिंह, अंशु तिवारी, अबू हमज़ा, ओम प्रकाश, राधेकृष्ण, प्रसिद्ध नारायण, मोहम्मद सलीम, रवि शंकर, रेखा सोनकर आदि मौजूद रहे।