स्वास्थ्य विभाग के विशेष जांच अभियान में शुक्रवार को आर्य कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य और तीन शिक्षिकाएं कोरोना संक्रमित पाई गईं। सीओ चकबंदी, एसआरएन अस्पताल के दो डॉक्टर, एसबीआई सिविल लाइंस शाखा के डिप्टी मैनेजर सहित कुल 78 लोगों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 50 लोगों ने कोरोना संक्रमण को मात दी। वहीं उपचार के दौरान दो मरीजों की मौत हो गई।
नोडल अधिकारी कोरोना डॉ. ऋषि सहाय के मुताबिक टॉरगेट ग्रुप के साथ रेंडम जांच के लिए टीमें लगाई गई हैं। दो दिन बाद संक्रमितों की संख्या फिर कम हुई है। 24 घंटे में कोविड संक्रमण के 78 नए मामले सामने आए हैं। सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय ने बताया कि शुक्रवार को 6602 लोगों की कोरोना जांच की गई। संक्रमण मुक्त होने वाले 50 लोगों में 10 लोगों को कोविड अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया। वहीं 40 लोगों ने होम आइसोलेशन में रहकर कोरोना संक्रमण को मात दी। उन्होंने बताया कि होम आइसोलेशन में रहने वाले 19963 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
संक्रमितों में हाईकोर्ट के दो अफसर और सीएचसी धनूपुर की स्टाफ नर्स भी शामिल हैं। एक निजी कॉलेज के कंप्यूटर साइंस विभाग में तैनात एक असिस्टेंट प्रोफेसर की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।