कोहडौर थाने के अतरसंड गांव में अवैध कब्जे को ढहाता प्रशासन का जेसीबी।
- फोटो : PRATAPGARH
सरकारी जमीन पर बने विधवा के प्रधानमंत्री आवास को प्रशासन ने जेसीबी लगाकर ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग पर छप्पर को जलाने का आरोप पीड़ित परिवार लगा रहा है। आग में गृहस्थी व शादी का सामान जलकर राख हो गया। बवाल की आशंका में पुलिस फोर्स मौजूद रही। आरोप है कि प्रशासन ने पूर्व में कोई नोटिस नहीं दी थी।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के अतरसंड निवासी विधवा कमरून निशा को प्रधानमंत्री आवास मिला था। जिसका उसने निर्माण कर रखा था। सोमवार को लेखपाल शिवशंकर सिंह, कानूनगो अखिलेश दुबे भारी फोर्स के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। लेखपाल ने बताया कि सरकारी जमीन पर मकान बना है। जहां की जमीन थाना भवन समेत दूसरे सरकारी संस्थान के लिए चिह्नित की गई है। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी लगाकर मकान गिरवा दिया गया।
इस दौरान कमरुन निशा के छप्पर में आग लग गई। जिसे किसी तरह लोगों ने बुझाया। हालांकि तब तक आग ने गृहस्थी व शादी का सामान जलाकर राख कर दिया था। विधवा कमरुन निशा के बेटे ने बताया कि उन लोगों को प्रशासन की ओर से कोई नोटिस नहीं दी गई थी। कमरुन निशा के साथ दूसरे लोगों का आरोप था कि लेखपाल ने जानबूझ कर उनके छप्पर में आग लगाया है ताकि वह लोग आसमान के नीचे रहने को विवश हो जाएं।
घटना की जानकारी मिलने पर एआईएमआईएम नेता इसरार अहमद मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने प्रशासन के पक्षपातपूर्ण रवैये की निंदा की। कोहड़ौर थानाध्यक्ष ने बताया कि तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की है। वे सुरक्षा के लिए पुलिस बल के साथ मौजूद थे।